प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम अगरवा के रास्ते से मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद जितना थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान ग्राम अगरवा के पास से एक साधु के भेष में संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर आते देखा गया। पुलिस टीम ने जब उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 8 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश दास, पिता जदू लाल राय, निवासी बिजबनी, थाना जितना के रूप में की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क के बारे में पुलिस को अहम जानकारी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बरामद गांजा और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस और एसएसबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।
