घोड़ासहन में अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, चार सेंटर सील, मचा हड़कंप

घोड़ासहन में अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त तेवर दिखाते हुए बड़े पैमाने पर औचक जांच अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर शुरू हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सिकरहना एसडीएम के नेतृत्व में गठित टीम ने घोड़ासहन के गांधी नगर, मिडिल स्कूल रोड, मुख्य बाजार, वीरता चौक समेत कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर अल्ट्रासाउंड केंद्रों की बारीकी से जांच की।

जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। कई केंद्रों के पास न तो वैध लाइसेंस मिले और न ही जरूरी कागजात पूरे पाए गए। इसके अलावा मशीनों के संचालन, मरीजों के रिकॉर्ड संधारण और स्वास्थ्य विभाग के नियमों के पालन में गंभीर लापरवाही उजागर हुई। कुछ जगहों पर रजिस्टर अधूरे मिले, तो कहीं मानकों की खुली अनदेखी देखी गई।

प्रशासन ने इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए तत्काल कड़ी कार्रवाई की। जांच के क्रम में भवानी अल्ट्रासाउंड (अम्बिका पैलेस रोड), सिटी अल्ट्रासाउंड (मिडिल स्कूल रोड), अपोलो अल्ट्रासाउंड (वीरता रोड) और गायत्री अल्ट्रासाउंड (वीरता चौक) को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद पूरे बाजार में अवैध रूप से संचालित केंद्रों के संचालकों में हड़कंप मच गया और कई जगहों पर शटर गिरते नजर आए।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से ऐसे केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही थी। लोगों का मानना है कि इस तरह की सख्ती से न सिर्फ अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी, बल्कि मरीजों को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी मिल सकेंगी।

प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की जांच और कार्रवाई जारी रहेगी तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस अभियान में एसडीएम सिकरहना के साथ बीडीओ घोड़ासहन एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे, जिन्होंने संयुक्त रूप से पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

Previous Post Next Post